धमतरी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज धमतरी में आयोजित ‘सुशासन तिहार’ में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के विकास को गति देते हुए 465 करोड़ रुपये की लागत के 102 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलांन्यास किया। इनमें 423 करोड़ 52 लाख रुपये से अधिक के 52 कार्यों का भूमिपूजन और 41 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक के 50 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इनसे क्षेत्र में सड़क, पेयजल और नगरीय अधोसंरचना का विस्तार होगा।
मुख्यमंत्री ने धमतरीवासियों के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं, जिनमें अम्बेडकर चौक से रूद्री चौक तक फोरलेन सड़क, पेयजल हेतु इंटेकवेल, रानी दुर्गावती चौक से बिलाईमाता मंदिर तक गौरवपथ निर्माण, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुरूद भवन हेतु डेढ़ करोड़ रुपये तथा पीएमश्री स्वामी आत्मानंद स्कूल के लिए राशि की स्वीकृति शामिल है।
Census 2027: जनगणना कार्य में GPM जिला प्रदेश में अव्वल, समय से पहले पूरा किया 100% लक्ष्य
जनसमस्याओं का मौके पर निराकरण:
मुख्यमंत्री ने बताया कि 1 मई से 10 जून तक चलने वाले ‘सुशासन तिहार’ के माध्यम से गांवों में क्लस्टरवार शिविर लगाकर नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है। धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जानकारी दी कि जिले में प्राप्त 9,350 आवेदनों में से 5,333 का त्वरित निराकरण किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री ने सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए कहा:
किसानों को लाभ: प्रदेश में 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है।
महिला सशक्तिकरण: महतारी वंदन योजना से महिलाएं सशक्त हो रही हैं, जिसमें बस्तर की 20-22 हजार लाभान्वित महिलाएं भी शामिल हैं।
डिजिटल गवर्नेंस: पारदर्शिता बढ़ाने के लिए जल्द ही ‘मुख्यमंत्री हेल्पलाइन’ शुरू की जाएगी।
बस्तर का विकास: बस्तर संभाग में ‘बस्तर मुन्ने’, ‘नियद नेल्लानार 2.0’ और ‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर’ अभियान चलाए जा रहे हैं।
हितग्राहियों को सामग्री वितरण और नवाचार:
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास की चाबियां, दिव्यांगों को ट्राईसाइकिल और टीबी मरीजों को फूड किट वितरित किए। इसके साथ ही, उन्होंने ‘ड्रीम कॉरिडोर वीडियो’ और ‘मां अभियान’ की कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। इस मौके पर जिला प्रशासन धमतरी एवं लर्निंग जॉय बेंगलुर के बीच एमओयू हुआ और ‘हस्त्रमं हैंडलूम’ का शुभारंभ भी किया गया।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में महासमुंद सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, कुरूद विधायक अजय चन्द्राकर, धमतरी विधायक ओंकार साहू, रायपुर संभाग कमिश्नर श्याम धावड़े सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

