पालघर (महाराष्ट्र)। टीवी इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। 22 वर्षीय टीवी एक्ट्रेस Sanchita Ugale ने सोमवार को कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। उनका शव घर में सीलिंग फैन से लटका हुआ मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घर में अकेली थीं, सुसाइड नोट नहीं मिला
पुलिस के अनुसार, घटना के समय संचिता घर में अकेली थीं। मौके पर किसी तरह का सुसाइड नोट नहीं मिला है और शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध परिस्थिति भी सामने नहीं आई है। परिजनों ने भी किसी पर संदेह नहीं जताया है।
मौत से पहले किया था आखिरी पोस्ट
संचिता ने निधन से कुछ घंटे पहले ही अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक रील पोस्ट की थी, जिसमें वह ‘डफली वाले, डफली बजा’ गाने पर लिपसिंक करती नजर आई थीं। इस पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा था, “मैं नाचूं, तू नचा।” उनके निधन के बाद सोशल मीडिया पर फैंस उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
टीवी के कई लोकप्रिय शोज में किया काम
संचिता उगले ‘कुमकुम भाग्य’ और ‘वागले की दुनिया’ जैसे लोकप्रिय टीवी शोज में नजर आ चुकी थीं। ‘वागले की दुनिया’ में उन्होंने रूचिता जेटली का किरदार निभाया था। इसके अलावा वे दंगल टीवी के शो ‘साजन घर में’ में भी दिखाई दी थीं।
फिल्मों और वेब प्रोजेक्ट्स में भी सक्रिय रहीं
संचिता ने फिल्मों और वेब प्रोजेक्ट्स में भी काम किया था। वे फिल्म ‘छावा’ में ताराबाई के किरदार में नजर आई थीं, जिसमें Vicky Kaushal और Akshaye Khanna मुख्य भूमिका में थे। इसके अलावा उन्होंने Manoj Bajpayee के साथ ‘साइलेंस 2: द नाइट आउल बार शूटआउट’ में भी काम किया था।
इंडस्ट्री में शोक की लहर
कम उम्र में संचिता के इस कदम से टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। फैंस और सह-कलाकार सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

