Qatar Gas Plant Explosion : दोहा। कतर के प्रमुख रस लाफान औद्योगिक क्षेत्र स्थित बरजान गैस आपूर्ति संयंत्र में रविवार रात हुए भीषण विस्फोट ने वैश्विक ऊर्जा बाजारों की चिंता बढ़ा दी है। कतर गैस प्लांट विस्फोट में अब तक 54 कर्मचारियों के घायल होने की पुष्टि हुई है, जबकि 18 से अधिक लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब ईरान द्वारा स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में नाकेबंदी ढीली किए जाने के बाद संयंत्र में दोबारा परिचालन शुरू करने की कोशिश की जा रही थी। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाका हुआ और पूरे परिसर में आग फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि कई किलोमीटर दूर तक इसकी आवाज सुनी गई। हादसे के बाद राहत एवं बचाव दल को तुरंत मौके पर भेजा गया और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।
Chhattisgarh Weather Update : अगले 5 दिन सावधान! प्रदेश में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की आशंका
उत्पादन बहाल करने के दौरान हुआ हादसा
सरकारी कंपनी कतर एनर्जी ने बताया कि बरजान गैस आपूर्ति संयंत्र में उत्पादन फिर से शुरू करने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान तकनीकी गड़बड़ी या गैस रिसाव के कारण विस्फोट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की जांच जारी है।
वैश्विक ऊर्जा बाजार पर पड़ सकता है असर
कतर दुनिया के सबसे बड़े प्राकृतिक गैस निर्यातकों में शामिल है। ऐसे में कतर गैस प्लांट विस्फोट और उत्पादन प्रभावित होने की खबर से अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार में उथल-पुथल मच सकती है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि संयंत्र लंबे समय तक बंद रहा तो वैश्विक LNG सप्लाई पर असर पड़ सकता है।
लापता कर्मचारियों की तलाश जारी
राहत एजेंसियां संयंत्र के प्रभावित हिस्सों में लगातार खोज अभियान चला रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है, लेकिन कई हिस्सों में अभी भी धुआं उठ रहा है। लापता कर्मचारियों की तलाश के लिए विशेष बचाव दल तैनात किए गए हैं।

