चंदौली। जनपद के चकिया कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मुहम्मदाबाद गांव में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक नवविवाहिता अपने पति के साथ रहने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती को टावर पर चढ़ा देख ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही चकिया कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को समझाने का प्रयास शुरू किया। काफी देर तक चली बातचीत और समझाइश के बाद पुलिस व स्थानीय लोगों की मदद से युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। घटना के दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
बताया जा रहा है कि युवती का करीब दो माह पूर्व प्रेम विवाह हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद ही पारिवारिक विवाद के कारण पति-पत्नी के बीच दूरी बढ़ गई। इसी बात से आहत होकर युवती ने पति के साथ रहने की मांग को लेकर यह कदम उठाया।
पुलिस के अनुसार युवती मानसिक रूप से परेशान थी। उसे समझाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले का समाधान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना की चर्चा पूरे क्षेत्र में बनी रही। पुलिस ने लोगों से किसी भी पारिवारिक विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने या आत्मघाती कदम उठाने के बजाय प्रशासन और परिजनों की मदद लेने की अपील की है।

