रायपुर। NEET UG Re-Exam 2026 को लेकर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने इस बार सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। परीक्षा केंद्रों पर 5G जैमर लगाए गए हैं ताकि मोबाइल फोन, स्मार्ट डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से नकल की किसी भी संभावना को पूरी तरह खत्म किया जा सके। वहीं प्रश्नपत्रों को भारतीय वायुसेना के विमान से सुरक्षित तरीके से राज्यों तक पहुंचाया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रश्नपत्रों को सीआरपीएफ और सीआईएसएफ जवानों की कड़ी सुरक्षा के बीच बैंक लॉकरों में रखा गया है। परीक्षा की निगरानी के लिए विशेष कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, जहां से ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जाएगी। सभी जिलों में कलेक्टर और एसपी की अध्यक्षता में हाई-लेवल कमेटियां गठित की गई हैं।
42 हजार से अधिक छात्र देंगे परीक्षा
प्रदेश में इस बार 42 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी NEET UG Re-Exam में शामिल होंगे। छात्रों को प्रश्नपत्र हल करने के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय दिया गया है। इसके अलावा रफ वर्क के लिए उत्तर पुस्तिका में दो अतिरिक्त पेज भी जोड़े गए हैं।
गौरतलब है कि 3 मई को आयोजित NEET परीक्षा में गड़बड़ियों और नकल के मामलों के सामने आने के बाद NTA ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी थी। इससे पहले भी पेपर लीक और परीक्षा प्रबंधन को लेकर देशभर में विवाद हो चुका है।
बालोद और दंतेवाड़ा में हुई थी गड़बड़ी
पिछली परीक्षा के दौरान छत्तीसगढ़ के बालोद और दंतेवाड़ा परीक्षा केंद्रों में प्रश्नपत्र वितरण में गंभीर त्रुटियां सामने आई थीं। बालोद में रिजर्व पेपर का वितरण करना पड़ा था, जबकि दंतेवाड़ा में हिंदी माध्यम के विद्यार्थियों को अंग्रेजी माध्यम का प्रश्नपत्र दे दिया गया था। इसके चलते दोनों केंद्रों पर पुनः परीक्षा आयोजित करनी पड़ी थी।
अब निजी स्कूल नहीं बनेंगे परीक्षा केंद्र
बंगाल TMC नेता जहांगीर खान की पत्नी गिरफ्तार, पति को हिरासत से छुड़ाने के लिए किया था बवाल
परीक्षा की पारदर्शिता बढ़ाने के लिए NTA ने बड़ा फैसला लेते हुए निजी स्कूलों और कॉलेजों को परीक्षा केंद्रों की सूची से बाहर कर दिया है। अब केवल सरकारी स्कूल-कॉलेज, विश्वविद्यालय शिक्षण विभाग (UTD), IIT, NIT और बड़े शासकीय संस्थानों को ही परीक्षा केंद्र बनाया जा रहा है।
छत्तीसगढ़ में MBBS सीटों की स्थिति
कॉलेज सीटें
रायपुर 230
दुर्ग 200
बिलासपुर 150
रायगढ़ 100
अंबिकापुर 125
कोरबा 125
राजनांदगांव 125
महासमुंद 125
कांकेर 125
जगदलपुर 125
बालाजी 250
RIMS 150
रावतपुरा 100
शंकराचार्य 250
अभिषेक 150
सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष फोकस
NEET Re-Exam 2026 में इस बार सुरक्षा व्यवस्था सबसे बड़ा फोकस बनी हुई है। एयरफोर्स के जरिए प्रश्नपत्रों की ढुलाई, 5G जैमर, केंद्रीय सुरक्षा बलों की निगरानी, डिजिटल मॉनिटरिंग और सरकारी संस्थानों में परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था को देखते हुए NTA किसी भी तरह की अनियमितता की गुंजाइश नहीं छोड़ना चाहता।

