भेटुआ। विकास खंड के अंतर्गत राजस्व ग्राम संडीला में एक लंगूर के आतंक से ग्रामीण परेशान हैं। लंगूर अब तक आधा दर्जन से अधिक लोगों पर हमलावर होकर जख्मी कर चुका है। जिससे लोगों को घर से बाहर निकलने में दहशत हो रही है। वहीं मामले की जानकारी होने पर वन विभाग की टीम ने लंगूर को पकड़ने के लिए टीम भेजा है। हालांकि खबर लिखे जाने तक लंगूर पकड़ में नहीं आ सका था। ग्रामीणों ने बताया कि लंगूर राह चलते लोगों पर हमला बोल देता है। बच्चों और महिलाओं के लिए अधिक खतरा बन गया है। अब तक लंगूर के हमले में गांव निवासी देवेंद्र नाथ शर्मा, सचिन शर्मा, राम उजागिर, दयाराम, गुप्ता, किरण और धर्मेंद्र सहित कई लोग घायल हो चुके हैं।जिनका इलाज सीएचसी में कराया गया। ग्रामीणों का कहना है कि समस्या केवल एक लंगूर तक सीमित नहीं है, बल्कि गांव में बंदरों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। आए दिन ऐसी घटनाएं हो रही हैं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों के लिए स्थिति और भी गंभीर हो गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान कराने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। इस संबंध में रेंजर मो. इब्राहीम ने बताया कि आक्रामक हो चुके लंगूर को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम गांव भेजी गई है। हालांकि अब तक लंगूर पकड़ में नहीं आ सका है। जल्द ही उसे पकड़कर दूर जंगल क्षेत्र में छोड़ा जाएगा।


