अमेठी। मुसाफिरखाना कस्बे में बहू भोज कार्यक्रम के दौरान हुए चाकूबाजी के मामले में नया खुलासा सामने आया है। साली से फोन पर बातचीत को लेकर नाराज साढ़ू ने युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना 13 तारीख की है, जबकि गंभीर रूप से घायल विजय बहादुर विश्वकर्मा (35) की मंगलवार सुबह लखनऊ ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार कस्बा निवासी जग प्रसाद के घर बेटे की शादी के बाद बहू भोज का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान सुल्तानपुर जनपद के कुड़वार थाना क्षेत्र निवासी रोहित विश्वकर्मा ने अपने साढ़ू विजय बहादुर को घर से कुछ दूरी पर औरंगाबाद माइनर के पास बुलाया। बताया जा रहा है कि रोहित को शक था कि विजय बहादुर उसकी साली से फोन पर बातचीत करता है, इसी बात को लेकर वह पहले से ही नाराज था।
मौके पर पहुंचने के बाद दोनों के बीच इसी मुद्दे को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में आकर रोहित ने अपने पास रखे चाकू से विजय बहादुर पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घायल को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुसाफिरखाना ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालत बिगड़ने पर उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर भेजा गया, जहां मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
अमेठी में साली से फोन पर बातचीत से नाराज साढ़ू ने किया हमला, लखनऊ ट्रामा सेंटर में मौत
Leave a comment
