अमेठी। जिले के एक छोटे से गांव कुड़वा डालव की रहने वाली स्नेहा ने अपनी मेहनत और लगन से बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए पीसीएस परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। चौथे प्रयास में सफलता पाते हुए स्नेहा ने 92वीं रैंक हासिल की है, जिसके बाद उनका चयन नायब तहसीलदार पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी की लहर है।
स्नेहा वर्तमान में सुल्तानपुर जिले के धम्मौर स्थित हनुमत इंटर कॉलेज में जीव विज्ञान की प्रवक्ता के रूप में कार्यरत थीं। उनके पिता हरियाणा में एक राजकीय इंटर कॉलेज में प्राचार्य हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। चार बहनों में सबसे बड़ी स्नेहा की शादी नवंबर 2025 में गौरीगंज तहसील क्षेत्र के पंडरी गांव निवासी विपुल पांडेय से हुई, जो सहायक अध्यापक हैं।
स्नेहा की प्रारंभिक शिक्षा गांव में ही हुई। कक्षा 7 से 12 तक की पढ़ाई उन्होंने हरियाणा में रहकर पूरी की। इसके बाद उन्होंने अमेठी के आरआरपीजी कॉलेज से स्नातक और सुल्तानपुर के केएनआई कॉलेज से परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की।
अपनी सफलता का श्रेय स्नेहा ने अपने परिवार और शिक्षकों को दिया है। उन्होंने बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने घर पर रहकर ही पढ़ाई की और ऑनलाइन माध्यमों से भी काफी मदद मिली। शादी के बाद ससुराल पक्ष का भी उन्हें पूरा सहयोग मिला।
स्नेहा की सफलता की खबर मिलते ही गांव और आसपास के लोग उनके घर पहुंचकर बधाई दे रहे हैं और मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर कर रहे हैं। अब नायब तहसीलदार के रूप में वह प्रशासनिक सेवा में नई जिम्मेदारी निभाएंगी, जिसे लेकर वह उत्साहित हैं।
अमेठी की स्नेहा ने चौथे प्रयास में पाई सफलता, बनी नायब तहसीलदार
Leave a comment
