कुरूद। मेला में युवक पर हुए चाकू हमले के मामले में अब एक नया और चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। पीड़ित पक्ष के अनुसार, हमलावरों ने पहले उनका नाम, गांव और समाज पूछकर उन्हें घेर लिया, इसके बाद गाली-गलौच करते हुए मारपीट की गई।
बताया गया है कि इस दौरान घायल मोहित साहू के साथ मौजूद उसके साथी धीरेंद्र, सतीश और सोनू को आरोपियों ने घेरकर पीटा। विवाद बढ़ने के बाद ही मोहित पर चाकू से हमला किया गया, जिससे उसके सीने और पेट में गंभीर चोट आई थी।
घटना में पहले से सामने आए पुरानी रंजिश के एंगल को भी इससे बल मिलता है। गौरतलब है कि गणेश पक्ष के दौरान नवागांव (थुहा) और कुरूद के युवकों के बीच विवाद हो चुका था, और आशंका जताई जा रही है कि उसी का बदला इस घटना में लिया गया।
सूत्रों के अनुसार, जिस तरह कुछ घटनाओं में पहचान पूछकर हमला करने की बात सामने आती रही है, उसी तरह यहां भी हमलावरों द्वारा गांव और समाज पूछकर नवागांव के युवकों को निशाना बनाने की बात कही जा रही है। हालांकि, इस पहलू की आधिकारिक पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
पीड़ित पक्ष ने बताया कि घटना की सूचना कुरूद पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की पहचान व तलाश की जा रही है। हमलावरों और पीड़ित पक्ष के बीच पुराने विवाद का वास्तविक कारण क्या है, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगा।

