कुरूद। क्षेत्र के मेला स्थल में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। इस हमले में घायल युवक की पहचान मोहित साहू (पिता बलराम साहू) के रूप में हुई है, जिसे तत्काल सिविल अस्पताल कुरूद में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। राहत की बात यह है कि युवक अब खतरे से बाहर बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम नवागांव (थुहा) निवासी मोहित साहू अपने दोस्तों के साथ ई-रिक्शा में सवार होकर कुरूद मेला घूमने आया था। रात करीब 12 बजे घर लौटने के दौरान, जब उसके अन्य साथी ऑटो में बैठ चुके थे, तभी कुछ युवकों ने मोहित और उसके दो साथी गिरेंद्र व सोनू को जबरन अपने ऑटो में बैठने के लिए कहा।
इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इस दौरान किसी अज्ञात युवक ने मोहित पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसके सीने और पेट में गंभीर चोटें आईं।
घटना को लेकर अब पुरानी रंजिश का एंगल भी सामने आ रहा है। जानकारी के मुताबिक, गणेश पक्ष के दौरान नवागांव में कुरूद के कुछ युवकों के साथ पहले भी विवाद और मारपीट हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि उसी घटना का बदला लेने के लिए आरोपियों ने मेला में मोहित और उसके साथियों के साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट की और फिर चाकू से हमला कर दिया।
घायल मोहित ने बताया है कि हमलावरों में से एक युवक को वह पहचानता है, जो उनके गांव में गणेश पक्ष के दौरान हुए झगड़े में शामिल था।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक इस पूरे घटनाक्रम की पुलिस में शिकायत दर्ज होने की पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस मामले को लेकर सतर्क है और शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।

