अमेठी। गौरीगंज थाना क्षेत्र में बांदा-टांडा हाईवे पर बाबूगंज स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम बूथ को मंगलवार रात बदमाशों ने निशाना बनाया। बदमाशों ने पहले बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरों को तोड़ दिया, फिर छेनी और हथौड़ी से मशीन काटकर नगदी तक पहुंचने की कोशिश की। हालांकि वे अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए।
बुधवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले भवन मालिक मेहंदी हसन ने एटीएम बूथ क्षतिग्रस्त देखा और शाखा प्रबंधक जितेंद्र कुमार को सूचना दी। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। बैंक कर्मियों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल से छेनी और हथौड़ी भी बरामद हुई है। मशीन के बाहरी हिस्से को नुकसान पहुंचा है, लेकिन नगदी सुरक्षित बताई जा रही है।
बैंक के मुख्य द्वार पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में दो संदिग्ध आते-जाते दिखाई दिए हैं। हालांकि बूथ के अंदर का कैमरा क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जिससे पूरी घटना रिकॉर्ड नहीं हो सकी। पुलिस आसपास के अन्य कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान में जुटी है।
घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले सात दिनों से एटीएम बूथ पर पुलिस पिकेट नहीं लग रही थी, जिससे बूथ असुरक्षित हो गया। वहीं, एसपी के निर्देश पर चल रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के बावजूद इस तरह की वारदात की कोशिश पुलिस गश्त पर सवाल खड़े करती है।
एसपी सरवण टी ने बताया कि मामले की जांच के लिए दो टीमें गठित की गई हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।



