अमेठी। जनपद की विधानसभा अमेठी अंतर्गत विकासखंड भादर की ग्रामसभा अमटाही में वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। भादर ब्लाक के अमटाही से संग्रामपुर के शंकरगढ़ बनवीरपुर के मध्य मालती नदी पर पुल निर्माण को स्वीकृति मिल गई है। इस उपलब्धि का श्रेय अमटाही के लोगों द्वारा ग्राम प्रधान सर्वेश कुमार सिंह उर्फ रिंकू सिंह के अथक प्रयासों को दिया जा रहा है।
बताया जाता है कि यह पुल लंबे समय से क्षेत्रवासियों की जरूरत था, लेकिन कई जनप्रतिनिधियों के प्रयासों के बावजूद इसका निर्माण संभव नहीं हो पाया। गांव की जनता ने जब युवा प्रधान रिंकू सिंह को चुना, तो उन्होंने इस सपने को साकार कर दिखाया। पुल निर्माण की स्वीकृति मिलते ही ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने प्रधान का जोरदार स्वागत किया।
इस पुल के निर्माण से हजारों लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।
ग्राम प्रधान रिंकू सिंह ने इस उपलब्धि के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने सदस्य विधान परिषद शैलेन्द्र प्रताप सिंह, विधायक गौरीगंज राकेश प्रताप सिंह एवं सदस्य विधान परिषद गोविंद नारायण शुक्ला का भी विशेष धन्यवाद दिया। उन्होंने बताया कि पुल निर्माण की स्वीकृति दिलाने में सभी जनप्रतिनिधियों और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
प्रधान ने अधिशासी अभियंता शैलेंद्र कुमार एवं अवर अभियंता ओ.पी. यादव का विशेष आभार जताते हुए कहा कि इस परियोजना को मंजूरी दिलाने में उनका सहयोग सराहनीय रहा। उन्होंने पूर्व जनप्रतिनिधियों के प्रयासों को भी याद करते हुए धन्यवाद दिया।
बता दें कि संजय गांधी के जमाने में बनी सड़क मालती नदी पर पुल के अभाव में अनुपयोगी हो गयी थी। जिसकी मांग नदी के दोनों तरफ के ग्रामीणों द्वारा सालों से उठाई जा रही थी। अब इस पुल के बन जाने से अमटाही, सोनारी कलां, टीकरमाफी, बिल्हापुर आदि गांव के लोगों के लिए रेलवे स्टेशन अंतू पहुंचना आसान हो जाएगा।
अमटाही में आयोजित स्वागत समारोह में संगम सिंह, सुरेंद्र मिश्रा, पिंटू तिवारी, पवन तिवारी, मलखान सिंह, गोविंद ओझा, विमल दूबे (बीडीसी), रूपेश सिंह, पारस पांडे, दीपेश सिंह, राकेश मिश्रा, बब्लू मिश्रा, अंबिका मिश्रा, हौसिला पांडे, रंजीत तिवारी, भइयाराम यादव, उत्तम मौर्य, महेंद्र जायसवाल, रामजस कोरी, गोविंद यादव, सीताराम कोरी, रामजतन यादव सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

