अभनपुर । राजधानी रायपुर से लगे अभनपुर और आरंग क्षेत्र में रसोई गैस को लेकर गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। यहां गैस की कृत्रिम कमी पैदा कर कालाबाजारी किए जाने का आरोप है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो और स्टिंग ऑडियो क्लिप ने इस पूरे नेटवर्क की परतें खोल दी हैं, जिसमें कमर्शियल गैस सिलेंडर निर्धारित दरों से कई गुना अधिक कीमत पर बेचे जाने की बात सामने आई है।
वायरल वीडियो और ऑडियो में खुलासा :
वायरल वीडियो में एक व्यक्ति होटल संचालक से खुलेआम 4200 रुपये में सिलेंडर देने की बात करता नजर आ रहा है। वहीं एक स्टिंग ऑडियो क्लिप में कथित दलाल बेखौफ अंदाज में कहता है, “आज का रेट 4200 है, कल 5000 भी हो सकता है।” ऑडियो में यह भी संकेत मिलता है कि अभनपुर के बेलभाटा क्षेत्र स्थित एक निजी गैस एजेंसी के नाम पर सिलेंडरों की आपूर्ति कर अवैध वसूली की जा रही है।
प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल :
मामले के उजागर होने के बाद जिला प्रशासन और खाद्य विभाग की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सबूत सामने आने के बावजूद अब तक बड़े स्तर पर कार्रवाई नहीं होना कई शंकाओं को जन्म देता है। लोगों ने मांग की है कि इस नेटवर्क के सरगनाओं पर सख्त कार्रवाई की जाए।
आम लोगों पर असर :
इस कालाबाजारी का सबसे ज्यादा असर छोटे व्यापारियों, होटल संचालकों और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। बढ़ी कीमतों के कारण कई लोग वैकल्पिक ईंधन का सहारा लेने को मजबूर हो रहे हैं।
आंशिक कार्रवाई, मुख्य आरोपी फरार :
पुलिस ने हाल ही में कुछ सिलेंडरों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, लेकिन इस अवैध कारोबार के मुख्य सरगना अब भी गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, फोन के जरिए बुकिंग लेकर यह अवैध धंधा अब भी जारी है।
कार्रवाई की मांग तेज :
मामले के सामने आने के बाद स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से त्वरित और कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और इस तरह की कालाबाजारी पर रोक लगाई जा सके।

