कुरूद। क्षेत्र के ग्राम नवागांव (कचना) स्थित खारुन नदी तट पर सोमवार सुबह एक युवक की संदिग्ध अवस्था में लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और एफसीएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। मामले का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होने की बात कही जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, बिरेझर चौकी अंतर्गत ग्राम नवागांव (कचना) निवासी 27 वर्षीय करण कुर्रे पिता प्रेमलाल कुर्रे, ग्राम खोरपा स्थित स्टील प्लांट में कार्यरत था। वह रविवार शाम करीब 7:30 बजे घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे ग्रामीणों ने उसकी लाश खारुन नदी तट पर पड़ी देखी, जिसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना पर चौकी प्रभारी अजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव की स्थिति को देखते हुए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर एफसीएल टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए कुरूद भेजा गया।
घटनास्थल से कीटनाशक दवाई का एक डिब्बा बरामद हुआ है, वहीं मृतक के मुंह से झाग निकलने की बात भी सामने आई है, जिससे प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, शव पर आंख और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट के निशान मिलने से मामला संदिग्ध बना हुआ है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा।

