धमतरी। जिले में अवैध मादक पदार्थों और शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धमतरी पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है। थाना अर्जुनी पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में अवैध सामग्री जब्त की है।
पहली कार्रवाई 19 मार्च को ग्राम हरफतराई में की गई, जहां पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी टिकेश्वर साहू (38 वर्ष) को रंगे हाथ अवैध शराब बेचते गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 31 पौवा देशी शराब, 3,400 रुपये नगद और एक मोटरसायकल सहित कुल 55,880 रुपये की सामग्री जब्त की गई। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
CG Accident : शादी की खुशियां मातम में बदलीं, बोलेरो ने मां-बेटी को रौंदा; मौके पर ही दर्दनाक मौत
वहीं दूसरी कार्रवाई 20 मार्च को ग्राम नवागांव कंडेल में की गई, जहां पुलिस ने सूचना के आधार पर दबिश देकर दो आरोपियों सोनराज साहू (20 वर्ष) और रविकुमार चंद्राचल (29 वर्ष) को गांजा बेचते हुए पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 518 ग्राम गांजा, दो मोबाइल फोन, एक मोटरसायकल और नगद राशि सहित कुल 82,680 रुपये की सामग्री जब्त की गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें भी जेल भेजा गया।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि ऐसी गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशे के जाल से मुक्त किया जा सके।

