धमतरी। जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए धमतरी पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। 15 से 17 मार्च 2026 के बीच पुलिस ने जहां अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई की, वहीं 24 घंटे के भीतर अंतर्राज्यीय चोरी गिरोह का खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की।
स्कूटी से शराब तस्करी, आरोपी गिरफ्तार
15 मार्च को सिटी कोतवाली पुलिस ने बस्तर रोड, सोरिद नगर काली मंदिर के पास घेराबंदी कर स्कूटी (CG 24 P 0322) सवार दो व्यक्तियों को रोका। तलाशी में 38 पौवा देशी शराब (06 लीटर 840 मिली) बरामद हुई, जिसकी कीमत 3440 रुपये आंकी गई। आरोपी मोहम्मद इमरान (33 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया, जबकि साथ में शामिल विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पुलिस ने स्कूटी सहित कुल 18,440 रुपये का माल जप्त किया।
महिला से 53 पौवा शराब जब्त, भेजी गई जेल
16 मार्च को थाना कुरूद पुलिस ने ग्राम बोडरा चण्डी मंदिर के पास कार्रवाई करते हुए चंद्रिका बाई मरकाम (52 वर्ष) को गिरफ्तार किया। महिला के पास से 53 पौवा देशी शराब (9.540 लीटर) एवं 2200 रुपये नगद बरामद किए गए। कुल जप्त सामग्री की कीमत लगभग 7000 रुपये है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया।
24 घंटे में चोरी का खुलासा, 3 आरोपी मध्यप्रदेश से गिरफ्तार
17 मार्च को करेलीबड़ी चौकी पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में नवागांव स्थित “मोती वस्त्रालय” में हुई चोरी का खुलासा किया गया। 13 मार्च को हुई इस घटना में करीब 1.37 लाख रुपये के कपड़े, साड़ियां, बैग एवं नगदी चोरी हुई थी।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध पिकअप वाहन (RJ 20 GC 0653) की पहचान कर मध्यप्रदेश के सीहोर जिले के आष्टा में घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों में विकम बागड़ी, बबलु बागड़ी और रोहित बागड़ी (सभी राजस्थान निवासी) शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान, 6 बोरी कपड़े, घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन, लोहे का सब्बल और लकड़ी का कुंदा बरामद किया। आरोपियों ने पहले रेकी कर रात में शटर तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया।
लगातार जारी रहेगी कार्रवाई
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थ और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

