रायपुर। सहायक शिक्षक भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग को लेकर अनशन पर बैठे डीएड अभ्यर्थियों ने शुक्रवार सुबह नया रायपुर स्थित स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव के बंगले का घेराव किया। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस बल पहुंचा और अभ्यर्थियों को वहां से खदेड़ दिया।
इस दौरान डीएड अभ्यर्थियों और पुलिस के बीच झूमा-झटकी भी हुई। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों को बलपूर्वक गाड़ियों में बैठाकर शहर के अलग-अलग स्थानों पर छोड़ दिया। प्रदर्शन में शामिल कई महिला अभ्यर्थी भी पुलिस कार्रवाई की चपेट में आईं, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
डीएड अभ्यर्थियों का कहना है कि लंबे समय से सहायक शिक्षक भर्ती को लेकर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जा रहा है, जिससे वे लगातार आंदोलन करने को मजबूर हैं। अभ्यर्थियों ने साफ किया कि जब तक भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए पुलिस बल तैनात रहा। वहीं प्रशासन की ओर से इस मामले में आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार किया जा रहा है।

