यशवंत गंजीर, रायपुर। मंत्रालय महानदी भवन में प्रदेश के सहकारी बैंकों के अध्यक्षों ने सहकारिता मंत्री केदार कश्यप से सौजन्य भेंट कर सहकारी क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में अपेक्स बैंक रायपुर के अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता, रायपुर के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, दुर्ग के अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन, राजनांदगांव के अध्यक्ष सचिन सिंह बघेल, जगदलपुर के अध्यक्ष दिनेश कश्यप, बिलासपुर के अध्यक्ष रजनीश सिंह, सचिव सहकारिता आर. प्रसन्ना, पंजीयक सहकारी संस्थाएं रमेश शर्मा तथा अपेक्स बैंक के महाप्रबंधक युगल किशोर वर्मा उपस्थित रहे।
बैठक में मंत्री केदार कश्यप ने केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह की “सहकार से समृद्धि” की अवधारणा के अनुरूप प्राथमिक कृषि साख समितियों (पैक्स) के माध्यम से संचालित योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने पैक्स, दुग्ध, मत्स्य, बुनकर एवं अन्य सहकारी समितियों के कार्य-व्यवसाय को विस्तार देने तथा सहकारी आंदोलन को मजबूत बनाने के निर्देश दिए।
सहकारी बैंकों के अध्यक्षों ने रिक्त पदों पर भर्ती की अनुमति, समिति कर्मचारियों के विकासखंड के भीतर स्थानांतरण, धान खरीदी के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के समाधान, कालातीत ऋणों की वसूली के लिए एकमुश्त समझौता योजना, अनुकंपा नियुक्ति तथा कर्मचारियों के भत्ते और एक्सग्रेशिया भुगतान जैसे लंबित मुद्दे मंत्री के समक्ष रखे। मंत्री ने इन विषयों पर सकारात्मक पहल कर शीघ्र निराकरण का भरोसा दिलाया।
बैठक में सचिव सहकारिता एवं पंजीयक रमेश शर्मा ने सहकारी संस्थाओं में पारदर्शिता, डिजिटल तकनीक, कंप्यूटरीकरण, प्रभावी मॉनिटरिंग, ग्रामीण जागरूकता अभियान तथा बेहतर विपणन एवं भंडारण व्यवस्था पर विशेष जोर दिया।

