यशवंत गंजीर,कुरूद। छत्तीसगढ़ यादव शासकीय सेवक संघ एवं एकादशा उत्थान यादव कल्याण समिति के संयुक्त तत्वावधान में 26 जुलाई को रायपुर के वृंदावन भवन (सिविल लाइन) में प्रांत स्तरीय प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नीट यूजी 2026 एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रदेशभर के 100 से अधिक छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं ‘यादव छात्र गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
समारोह में चर्रा (कुरूद), जिला धमतरी निवासी कुणाल यादव, कृष्णसखा परिवार, को नीट यूजी 2026 में उत्कृष्ट सफलता के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्हें प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं यादव छात्र गौरव सम्मान प्रदान किया गया। इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों एवं समाजजनों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्री राधाकृष्ण आरती एवं शंखनाद के साथ हुआ। मुख्य अतिथि पूर्व न्यायाधीश ताराचंद यदु तथा अध्यक्षता समाजसेवी बिसराराम यादव ने की। इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय सेवकों, कलाकारों एवं समाजसेवियों का भी सम्मान किया गया।
समिति ने समाज के उत्थान, शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, नशामुक्ति एवं वृद्धजन सेवा जैसे विषयों पर अपने संकल्पों की जानकारी दी। कार्यक्रम में धमतरी जिले से कृपाराम यादव (चर्रा, कुरूद), भवानी यादव (मगरलोड), बाबूलाल यादव, दादू यादव, मुरारी यादव तथा अधिवक्ता प्रदीप यादव सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

