यशवंत गंजीर, धमतरी। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के अधारी नवागांव में सोमवार को एक दुखद हादसे में करंट लगने से 33 वर्षीय महिला की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना उस समय हुई, जब महिला घर के आंगन में कपड़े सुखा रही थी। हादसे के बाद परिजनों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक अधारी नवागांव निवासी संगीता साहू बारिश रुकने के बाद घर के आंगन में कपड़े सुखाने गई थीं। जिस स्थान पर कपड़े सुखाने की रस्सी बंधी थी, उसके पास से बिजली का तार गुजर रहा था। बताया जा रहा है कि गीले कपड़े डालने के दौरान उनका संपर्क बिजली के प्रवाहित तार से हो गया, जिससे उन्हें तेज करंट लगा और वे वहीं गिर पड़ीं।
घटना के समय मौजूद परिजनों ने तत्काल उन्हें करंट के प्रभाव से अलग किया और गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही हादसे के कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।
इस घटना ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बारिश के मौसम में गीले कपड़ों, खुले बिजली के तारों और विद्युत उपकरणों के आसपास विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता होती है। विशेषज्ञ भी सलाह देते हैं कि खुले या क्षतिग्रस्त बिजली तार दिखाई देने पर तत्काल विद्युत विभाग को सूचना दें और ऐसी जगहों से दूरी बनाए रखें, ताकि इस प्रकार की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

