यशवंत गंजीर,धमतरी। धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नारी-खट्टी स्थित महानदी पुल के पास बुधवार सुबह एक युवक की खून से लथपथ लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव के आसपास काफी मात्रा में खून बिखरा हुआ था। प्रथम दृष्टया युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही कुरूद और करेली बड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान नीरज उर्फ राजा साहू (27 वर्ष), पिता खुमान साहू, निवासी ग्राम कुंडेल (मेघा) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नीरज पिकअप वाहन चलाने का काम करता था। पुलिस को आशंका है कि अज्ञात हमलावर ने उसके गले पर धारदार हथियार से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
OTT पर गैंगस्टर बनेंगे टीवी के ‘महादेव’, Mohit Raina के हाथ लगी नई क्राइम थ्रिलर सीरीज
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने मौके से रक्त के नमूने सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के वास्तविक कारण और वारदात की प्रकृति स्पष्ट हो सकेगी।

हालांकि घटनास्थल की परिस्थितियां हत्या की ओर इशारा कर रही हैं, लेकिन पुलिस ने अभी तक आधिकारिक रूप से हत्या की पुष्टि नहीं की है। जांच अधिकारी सभी संभावित पहलुओं, जिनमें हत्या और अन्य परिस्थितियां भी शामिल हैं, की बारीकी से जांच कर रहे हैं।
वारदात के बाद पुलिस ने संभावित आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है तथा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। इस सनसनीखेज घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही घटना के कारणों तथा आरोपी के संबंध में आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।

