कुलेश्वर कुशवाहा
बलरामपुर- जिले की कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, भेलवाडीह का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया, उनकी पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं और विषयगत समझ की जानकारी ली। कलेक्टर ने छात्रों को स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने की सीख देते हुए कहा कि जीवन में सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि निरंतर परिश्रम ही सफलता की कुंजी है।
शिक्षण व्यवस्था और सुविधाओं का लिया जायजा…
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों की संख्या, शिक्षकों की उपस्थिति, शिक्षण व्यवस्था और उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर कक्षाओं का निरीक्षण किया तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। साथ ही विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
विद्यार्थियों से किया सीधा संवाद, पूछा भविष्य का लक्ष्य…
कलेक्टर ने कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए उनके भविष्य के लक्ष्य के बारे में पूछा। उन्होंने छात्रों से कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और उसे हासिल करने के लिए अनुशासन, आत्मविश्वास तथा निरंतर मेहनत की जाए, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती। उन्होंने विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करने, नियमित अध्ययन करने और अपने सपनों को साकार करने के लिए पूरी लगन से प्रयास करने की प्रेरणा दी।
सामाजिक विज्ञान के सवाल पूछकर परखी समझ….
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों से सामाजिक विज्ञान विषय से जुड़े कई प्रश्न पूछे और उनकी विषयगत समझ का आकलन किया। उन्होंने विशेष रूप से त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था से संबंधित प्रश्न पूछते हुए विद्यार्थियों को पंचायत प्रणाली की भूमिका, संरचना और कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस संवाद के माध्यम से उन्होंने छात्रों को लोकतांत्रिक व्यवस्था और स्थानीय शासन प्रणाली की महत्वपूर्ण जानकारी भी दी।
नोटबुक देखकर परखी पढ़ाई की गुणवत्ता…
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने विद्यार्थियों की नोटबुक का भी अवलोकन किया। उन्होंने लेखन शैली, अध्ययन की गुणवत्ता और शैक्षणिक प्रगति का मूल्यांकन करते हुए शिक्षकों को विद्यार्थियों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नियमित अभ्यास से ही बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।
विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह..
कलेक्टर ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें, अपने समय का सही उपयोग करें और अपने माता-पिता, विद्यालय तथा जिले का नाम रोशन करें। उन्होंने छात्रों को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने और अपने जीवन में बड़े लक्ष्य तय करने के लिए प्रेरित किया।
ये अधिकारी रहे मौजूद…
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, जिला शिक्षा अधिकारी एम.आर. गुप्ता, सहायक आयुक्त समीक्षा जायसवाल सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। अधिकारियों ने भी विद्यालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

