यशवंत गंजीर,कुरूद। पूर्व मंत्री एवं कुरूद विधायक अजय चंद्राकर के सतत प्रयासों से छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड ने कुरूद विधानसभा क्षेत्र के लिए ₹3 करोड़ 13 लाख 10 हजार के विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की है। इस स्वीकृति से नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
स्वीकृत कार्यों के तहत कुरूद नगर पालिका क्षेत्र में एम.पी. थिएटर के सामने पार्किंग का समतलीकरण एवं सीसी निर्माण, मुख्य मार्ग से सनसिटी तक नहर के दोनों ओर सीसी सड़क निर्माण तथा जे.डी. कॉलोनी बाईपास मार्ग पर पेवर ब्लॉक लगाकर सड़क चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण कराया जाएगा।
वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन की सुविधा के लिए ग्राम खपरी, मरौद, गाड़ाडीह, गणेशपुर, चोरभट्ठी, आलेखुटा, मौरीकला एवं सिंगदेही के सार्वजनिक स्थलों पर शेड का निर्माण किया जाएगा।
क्षेत्रवासियों ने इसे कुरूद विधानसभा के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए विधायक अजय चंद्राकर के प्रयासों की सराहना की है। लोगों का कहना है कि मंडी बोर्ड से मिली इस स्वीकृति के बाद क्षेत्र में लंबे समय से अपेक्षित विकास कार्य धरातल पर उतरेंगे, जिससे शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में जनसुविधाओं का विस्तार होगा तथा कुरूद विधानसभा के विकास को नई दिशा मिलेगी।

