यशवंत गंजीर, धमतरी। कानून व्यवस्था के साथ मानवीय दायित्व निभाते हुए धमतरी पुलिस ने मानसिक रूप से अस्वस्थ एक अज्ञात वृद्ध महिला को सुरक्षित उपचार उपलब्ध कराकर संवेदनशीलता का परिचय दिया है। ग्राम चिवरी में भटकती मिली करीब 60 वर्षीय महिला को पुलिस ने संरक्षण में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद राज्य मानसिक स्वास्थ्य चिकित्सालय, सेंदरी (बिलासपुर) में भर्ती कराया।
पुलिस के अनुसार 16 जुलाई की रात ग्रामीणों ने डायल-112 को सूचना दी कि एक वृद्ध महिला मानसिक रूप से विचलित अवस्था में गांव में घूम रही है। सूचना मिलते ही डायल-112 और चौकी बिरेझर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सुरक्षित चौकी लाया गया। पूछताछ के दौरान महिला अपनी पहचान या पता बताने में असमर्थ रही।
इसके बाद महिला का जिला चिकित्सालय धमतरी में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। चिकित्सकों की सलाह पर उच्च स्तरीय मानसिक उपचार की आवश्यकता सामने आने के बाद चौकी बिरेझर पुलिस ने न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, कुरूद के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किया। न्यायालय के आदेश के बाद सहायक उपनिरीक्षक ईशु कुमार साहू एवं महिला आरक्षक ललेश्वरी गावड़े के संरक्षण में महिला को सुरक्षित सेंदरी स्थित राज्य मानसिक स्वास्थ्य चिकित्सालय पहुंचाकर भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार शुरू हो गया है।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में की गई इस पहल को मानवता और जनसेवा का उदाहरण माना जा रहा है। धमतरी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई बेसहारा, मानसिक रूप से अस्वस्थ, वृद्ध या जरूरतमंद व्यक्ति दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस या डायल-112 को दें, ताकि समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

