यशवंत गंजीर, धमतरी। धमतरी जिले के कुरुद नगर के लिए गर्व का क्षण है। नगर की ऐतिहासिक खेल संस्था टारनेडो क्रिकेट क्लब के पूर्व खिलाड़ी स्वर्ण सिंह कलसी को आगामी घरेलू क्रिकेट सत्र के लिए छत्तीसगढ़ रणजी ट्रॉफी टीम का बॉलिंग कोच नियुक्त किया गया है। यह उपलब्धि न केवल उनकी वर्षों की मेहनत और समर्पण का परिणाम है, बल्कि कुरुद की खेल परंपरा के लिए भी बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
स्वर्ण सिंह कलसी ने अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत कुरुद के टारनेडो क्रिकेट क्लब से की। उन्होंने शुरुआती शिक्षा कुरुद के शासकीय विद्यालय में प्राप्त की और यहीं क्रिकेट की बुनियादी तकनीक सीखी। उनके प्रथम कोच अंतरराष्ट्रीय स्कोरर मनोज तिवारी रहे, जबकि क्लब के मेंटर स्व. विनोद गोस्वामी एवं एसपी नीरज चंद्राकर के मार्गदर्शन में उन्होंने खेल कौशल, अनुशासन और प्रतिस्पर्धी सोच विकसित की।
स्वर्ण सिंह कलसी वर्ष 2008 से बीसीसीआई के लेवल-ए सर्टिफाइड कोच हैं। वे विश्व प्रसिद्ध एमआरएफ पेस फाउंडेशन के पूर्व प्रशिक्षु भी रहे हैं, जहां उन्होंने भारतीय क्रिकेट के दिग्गज तेज गेंदबाज जहीर खान सहित कई राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ प्रशिक्षण प्राप्त किया। अपने खेल जीवन में वे दाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज और भरोसेमंद मध्यक्रम बल्लेबाज के रूप में भी पहचान बना चुके हैं।
सबसे प्रेरणादायक बात यह है कि जिस टारनेडो क्रिकेट क्लब के मैदान पर स्वर्ण सिंह ने कभी गेंदबाजी की बारीकियां सीखीं, आज उसी क्लब का खिलाड़ी राज्य की सर्वोच्च क्रिकेट टीम के गेंदबाजों को प्रशिक्षण देगा। उनकी इस उपलब्धि पर कुरुद नगर, टारनेडो क्रिकेट क्लब के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

