यशवंत गंजीर, धमतरी। जिले में अवैध खनिज उत्खनन और रेत परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो दिनों के विशेष जांच अभियान में चार वाहनों को जब्त किया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
खनिज विभाग के अनुसार 12 एवं 13 जुलाई को ग्राम सारंगपुरी, खरेंगा, अमेठी, सरगी-दोनर, पाहंदा तथा आसपास के क्षेत्रों में शिकायत मिलने पर सघन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए गए चार वाहनों को जब्त किया गया। इन वाहनों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 के तहत अर्थदंड की कार्रवाई की जा रही है।
विभाग ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में 13 जुलाई तक अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण से जुड़े 239 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए 69.32 लाख रुपये का अर्थदंड वसूल कर शासकीय खनिज मद में जमा कराया गया है।
खनिज विभाग ने कहा कि अवैध खनिज कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए उड़नदस्ता दल नियमित रूप से निगरानी कर रहा है और भविष्य में भी ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

