कुरूद। प्रदेश सरपंच महासंघ की नई कार्यकारिणी घोषित होने के साथ ही कुरूद और धमतरी जिले को संगठन में महत्वपूर्ण स्थान मिला है। सरपंच संघ कुरूद के अध्यक्ष हरिशंकर साहू को महासंघ का संरक्षक, जबकि जिला सरपंच संघ धमतरी के अध्यक्ष टिकेश साहू को प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
दोनों नेताओं की नियुक्ति से जिले के सरपंचों और पंचायत प्रतिनिधियों में उत्साह का माहौल है। इसे पंचायत नेतृत्व की सक्रियता और संगठनात्मक योगदान की पहचान माना जा रहा है।



नवनियुक्त संरक्षक हरिशंकर साहू ने प्रदेश नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वे सौंपे गए दायित्व का पूरी निष्ठा से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर के सरपंचों के हितों की रक्षा, पंचायतों को अधिक सशक्त बनाने और ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए वे लगातार कार्य करेंगे।
वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष बने टिकेश साहू ने कहा कि संगठन के सभी पदाधिकारियों और सरपंचों को साथ लेकर पंचायत व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए समर्पित भाव से प्रयास किए जाएंगे।
नई कार्यकारिणी की घोषणा के बाद कुरूद, धमतरी और आसपास के क्षेत्रों के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों तथा शुभचिंतकों ने दोनों पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

