यशवंत गंजीर,धमतरी। जिले के ग्राम गोजी में 23 वर्षीय युवक नरसिंग साहू की हत्या के मामले में पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए उसकी मां कमला बाई साहू और भाई नरेश साहू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने हत्या के बाद शव को फांसी पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की साजिश रची थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच से पूरा मामला उजागर हो गया।
पुलिस के अनुसार 29 जून को नरसिंग साहू की संदिग्ध मौत की सूचना मिली थी। शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का लग रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम में गला दबाकर हत्या की पुष्टि होने पर जांच तेज की गई। पूछताछ में मां और भाई ने बताया कि मृतक शराब पीने के लिए पैसों की मांग कर रहा था। विवाद बढ़ने पर दोनों ने पहले हाथ से गला दबाया, फिर नारियल की रस्सी से गला कसकर उसकी हत्या कर दी। आरोपियों ने मृतक के जीवित होने की आशंका में उसे कीटनाशक भी पिला दिया। इसके बाद साक्ष्य मिटाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए शव को फांसी पर लटका दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

