यशवंत गंजीर, धमतरी।नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ धमतरी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में सिहावा थाना पुलिस ने ग्राम गिधावा में दबिश देकर गांजा बिक्री के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से गांजा, नकदी और मोबाइल सहित करीब 49 हजार 650 रुपये का सामान जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सिहावा पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम गिधावा में एक महिला अपने घर से गांजा बेचने का काम कर रही है।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने गवाहों की मौजूदगी में महिला के घर दबिश दी। तलाशी के दौरान घर में पलंग के नीचे रखे एक थैले से 1 किलो 150 ग्राम गांजा बरामद हुआ। गांजा रखने के संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने उसे जब्त कर लिया।
मौके से गांजा बिक्री से मिले 2 हजार 650 रुपये नकद और एक की-पैड मोबाइल भी बरामद किया गया। पुलिस ने कुल 49 हजार 650 रुपये की सामग्री जब्त की है।
मामले में आरोपी महिला धनेश्वरी साहू (39), निवासी गिधावा के खिलाफ सिहावा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। बाद में न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध नशे के कारोबार की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

