यशवंत गंजीर, धमतरी।अर्जुनी थाना क्षेत्र के ग्राम खरतुली में एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट और अपमानित करने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम खरतुली निवासी रूपेश साहू (27) निजी कंपनी में काम करता है। रविवार को कुछ युवकों से हुए विवाद के बाद उसके साथ मारपीट की गई। वायरल वीडियो में तीन युवक उसे घेरकर गाली-गलौज करते और पीटते नजर आ रहे हैं।
आरोप है कि युवकों ने पहले रूपेश के बाल खींचकर उसे खड़ा किया, फिर हाथ, पैर और चप्पल से उसकी पिटाई की। आरोपियों ने चप्पल पर थूककर उसी से युवक के सिर और चेहरे पर वार किया। इसके बाद उसे जबरन ‘सॉरी’ बोलने और खुद को ‘बाप’ कहने के लिए मजबूर किया गया। इतना ही नहीं, उससे पैर छूने के लिए भी दबाव बनाया गया।
मारपीट के दौरान आरोपियों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। लोगों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
एडिशनल एसपी शैलेंद्र पांडे ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अर्जुनी थाना में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। एक आरोपी गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। वायरल वीडियो की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

