यशवंत गंजीर, धमतरी। केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के गौरवशाली 5 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेश के सभी पैक्सों एवं जिलों में 29 जून से 06 जुलाई तक ‘सहकारिता सप्ताह-2026’ का आयोजन किया जा रहा है। ‘सहकार से समृद्धि’ थीम पर आयोजित इस अभियान के तहत प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति जुगदेही में कार्यक्रम आयोजित किया गया।

सहकारी ध्वज फहराकर हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रायपुर के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा रहे, जिन्होंने सहकारी ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कर्मचारियों को सहकार से समृद्धि की प्रतिज्ञा दिलाई गई। अध्यक्षता जनपद पंचायत कुरुद अध्यक्ष गीतेश्वरी हेमंत साहू ने की। निरंजन सिन्हा ने सहकारिता सप्ताह के दौरान होने वाले जागरूकता अभियान, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, संगोष्ठी, प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं सम्मान समारोह की जानकारी दी।

सहकारिता से मजबूत होगा किसान और गांव
निरंजन सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सहकारिता को नया आयाम मिला है। सहकारिता मंत्रालय के गठन के बाद यह आंदोलन गांव-गांव तक पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि सहकारिता केवल खाद-बीज और धान खरीदी तक सीमित नहीं है, बल्कि पशुपालन, मत्स्य पालन, बकरी पालन सहित कई क्षेत्रों में किसानों को आर्थिक मजबूती देने का माध्यम है।
प्राकृतिक खेती और आधुनिक तकनीक अपनाने की अपील
उन्होंने किसानों से जैविक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान किया। ड्रोन स्प्रेयर प्रदर्शन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक से समय, श्रम और लागत की बचत होगी। सहकारी बैंक किसानों का अपना बैंक है, जो ऋण एवं अन्य योजनाओं के माध्यम से किसानों को आगे बढ़ा रहा है।
किसानों को मिला ऋण लाभ
कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिकों ने उन्नत खेती, जैविक खाद और मिट्टी की उर्वरता संबंधी जानकारी दी। मुख्य अतिथि निरंजन सिन्हा के करकमलों से 8 किसानों को पशु चारा एवं तार फेसिंग के लिए करीब सवा 9 लाख रुपये के ऋण वितरित किए गए। जनपद अध्यक्ष गीतेश्वरी हेमंत साहू ने किसानों को भारत का भाग्य विधाता बताते हुए समितियों से जुड़ने की अपील की। प्राधिकृत अधिकारी भोला राम साहू ने सोसायटी की सुविधाओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर जिला सहकारी बैंक कोर्रा के प्रबंधक महेंद्र सिंह गौर, सह प्रबंधक ललित मानिकपुरी, भाजपा किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष चोवाराम गंजीर, प्राधिकृत अधिकारी नन्दकुमार साहू, संतोष यादव, किशोर राम साहू, प्रगतिशील कृषक फनेन्द्र सिन्हा, लेखराम सिन्हा, यशवंत शुक्ला, चंद्रभान चक्रधारी, रामकृष्ण साहू, समिति प्रबंधक जुगदेही अंकित कश्यप सहित कृषक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

