यशवंत गंजीर, धमतरी। नगरी थाना क्षेत्र में मछली व्यापारी विप्लव मंडल की हत्या और लूट के मामले में धमतरी पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए वारदात का खुलासा कर दिया है। घटना के दो दिन के भीतर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों की संलिप्तता भी जांच में सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, फिश फार्म संचालक विप्लव मंडल के यहां काम करने वाले कुछ मजदूरों से विवाद चल रहा था। मजदूरी बढ़ाने की मांग को लेकर नाराजगी और आपसी रंजिश के चलते आरोपियों ने हत्या की योजना बनाई थी।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले भी वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया था, लेकिन सफल नहीं हो पाए। इसके बाद 27 जून को योजना के तहत मृतक की गतिविधियों पर नजर रखी गई। नगरी बाजार से मछली बेचकर लौटने के दौरान गोरेगांव-भैंसमुड़ा मार्ग के सुनसान इलाके में आरोपियों ने उसे घेर लिया।
आरोप है कि आरोपियों ने डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर विप्लव मंडल की हत्या कर दी। इसके बाद उसके पास मौजूद नकदी और मोबाइल लेकर फरार हो गए।
मामले की जांच में पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्य, तकनीकी जानकारी और पूछताछ के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई रकम, मोबाइल फोन, वारदात में उपयोग किए गए हथियार और वाहन बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि प्रकरण में तीन आरोपियों के साथ दो विधि से संघर्षरत बालकों की भूमिका भी सामने आई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है, वहीं नाबालिगों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
गिरफ्तार आरोपी:
– टंकेश्वर नेताम उर्फ मयंक नेताम (19 वर्ष)
– सुरेंद्र यादव (26 वर्ष)
– जगदीश विश्वकर्मा (50 वर्ष)
सभी आरोपी ग्राम बोईरगांव, थाना मैनपुर, जिला गरियाबंद निवासी बताए गए हैं।
बरामद सामग्री:
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 37 हजार 800 रुपये नगद, मृतक के दो मोबाइल, संपर्क के लिए उपयोग किए गए चार मोबाइल, तीन लकड़ी के डंडे, दो लोहे के चाकू, दो मोटरसाइकिल सहित अन्य सामान जब्त किया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी जांच और टीमों की संयुक्त कार्रवाई से इस मामले को जल्द सुलझाया जा सका।

