यशवंत गंजीर धमतरी ।जिले के नगरी क्षेत्र में शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। नगरी-गरियाबंद मार्ग पर अज्ञात हमलावरों ने एक मछली कारोबारी पर घात लगाकर हमला किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस जघन्य हत्याकांड से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और सनसनी फैल गई है।
*रास्ते में घेरकर किया हमला*
जानकारी के अनुसार, विपलभ मंडल (55 वर्ष), जो मूलतः गरियाबंद जिले के बोईरगांव क्षेत्र के निवासी थे और नगरी में मछली का व्यवसाय करते थे, शनिवार शाम अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान नगरी-गरियाबंद मार्ग पर अज्ञात बदमाशों ने उनका वाहन रोक लिया। हमलावरों ने उनके साथ मौजूद चुम्मन यादव के साथ भी बदसलूकी की, जो किसी तरह जान बचाकर मदद के लिए भागा। इस बीच, हमलावरों ने विपलभ मंडल पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
शरीर पर 40 से ज्यादा घाव, बेरहमी की हदें पार*
यह घटना जिले की अब तक की सबसे क्रूरतम आपराधिक वारदातों में से एक मानी जा रही है। हमलावरों ने निर्ममता की सारी हदें पार करते हुए कारोबारी के शरीर पर 40 से अधिक बार धारदार हथियार से वार किए। हमले के कारण मृतक के शरीर पर अनगिनत गहरे जख्म हो गए। गंभीर हालत में उन्हें नगरी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
*चार संदिग्ध हिरासत में, जल्द खुलासे का दावा*
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें सक्रिय हो गईं और डॉग स्क्वायड व साइबर सेल की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है।
शुरुआती जांच में मामला पुरानी रंजिश का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस अधिकारी अभी विभिन्न पहलुओं पर जांच के बाद ही आधिकारिक पुष्टि की बात कह रहे हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।

