यशवंत गंजीर, धमतरी। कुरूद सिविल अस्पताल में रविवार को पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर के मुख्य आतिथ्य में किया गया। कार्यक्रम में उन्होंने बच्चों को पोलियो की दो बूंद खुराक पिलाकर अभियान की शुरुआत की।
इस अवसर पर एल्डरमैन एवं विधायक प्रतिनिधि भानू चंद्राकर, बीएमओ हेमराज देवांगन, बीपीएम रोहित पांडे सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर ने कहा कि बच्चों को स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य देने के लिए पल्स पोलियो अभियान बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने नगरवासियों और सभी माता-पिता से अपील की कि वे अपने बच्चों को निर्धारित केंद्रों में पहुंचाकर पोलियो की खुराक जरूर दिलाएं।
विधायक प्रतिनिधि भानू चंद्राकर ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग के प्रयासों से देश पोलियो उन्मूलन की दिशा में आगे बढ़ रहा है। जनभागीदारी से ही इस अभियान को पूरी तरह सफल बनाया जा सकता है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा नगर के विभिन्न क्षेत्रों में बनाए गए केंद्रों के माध्यम से बच्चों को पोलियो की खुराक दी जा रही है। जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से अभियान में सहयोग कर आने वाली पीढ़ी को स्वस्थ रखने में अपनी भूमिका निभाने की अपील की

