यशवंत गंजीर, धमतरी। सिहावा क्षेत्र के गढ़ीहापारा के पास शनिवार को हुए दर्दनाक हादसे में एक युवक की जान चली गई, जबकि एक बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। खेत में काम के दौरान ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे यह हादसा हुआ।
जानकारी के अनुसार ग्राम पंडरीपानी निवासी सुमन मरकाम (18) पिता रामगुलाल ट्रैक्टर में सवार था। खेत में काम करते समय अचानक ट्रैक्टर पलट गया और वह उसके नीचे दब गया। ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
हादसे में पंडरीपानी निवासी डोमेश्वर यादव (13) पिता गोविंद यादव भी घायल हो गया। ग्रामीणों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है।
इस घटना के बाद पंडरीपानी सहित आसपास के गांवों में शोक का माहौल है। कम उम्र में युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

