यशवंत गंजीर, धमतरी। मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम मेघा में एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि युवक अपनी पत्नी को वापस घर ले जाने के लिए ससुराल पहुंचा था, लेकिन पत्नी के साथ जाने से इनकार करने के बाद उसने फांसी लगाकर जान दे दी।
मृतक की पहचान महासमुंद जिले के मुरकी निवासी दीपेश कुमार पटेल (35 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी कारण पत्नी 14 जून को नाराज होकर अपने मायके मेघा चली गई थी।
बताया गया कि दीपेश 20 जून को पत्नी को मनाने और घर वापस लाने के लिए मेघा पहुंचा था। दोनों के बीच बातचीत हुई, लेकिन पत्नी ने साथ जाने से मना कर दिया। इसके बाद युवक ने ससुराल के पास एक पान ठेले के बाहर फांसी लगा ली।
घटना की सूचना मिलते ही मगरलोड पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र पांडे ने बताया कि शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार मृतक को नशे की आदत थी और वह पत्नी पर संदेह करता था, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

