यशवंत गंजीर, कुरुद। मुख्यमंत्री निवास में हुई मंत्रियों की हाईलेवल बैठक को लेकर कांग्रेस के बयान पर भाजपा के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि सरकार में किसी तरह की विस्फोटक स्थिति नहीं है, बल्कि ऐसी स्थिति कांग्रेस के भीतर बन चुकी है। कांग्रेस को बताना चाहिए कि आखिर लोग लगातार पार्टी क्यों छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब पूरी तरह अप्रासंगिक हो चुकी है।
अजय चंद्राकर ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री और भाजपा संगठन की ओर से यह बैठक एक सकारात्मक पहल है। उन्होंने इसे नियमित प्रक्रिया का हिस्सा बताते हुए कहा कि समय-समय पर इस तरह की बैठकें होती रहती हैं और इसमें संगठन व सरकार के स्तर पर जरूरी विषयों पर चर्चा की जाती है।
राहुल गांधी के दौरे पर साधा निशाना
21 जून को राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर भी विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर तंज कसा। उन्होंने सवाल किया कि क्या राहुल गांधी के लिए भी गुलाब मंगाए जा रहे हैं, जैसे प्रियंका वाड्रा के लिए मंगवाए गए थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को प्रशिक्षण की जरूरत क्यों पड़ रही है, यह समझ से परे है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि राहुल गांधी शायद भूपेश बघेल को बधाई देने आ रहे हैं, क्योंकि जहां-जहां बघेल जाते हैं वहां कांग्रेस को हार का सामना करना पड़ता है।
शराब ओवररेटिंग और इंडिया ब्लॉक पर हमला
छत्तीसगढ़ में शराब की ओवररेटिंग के मुद्दे पर अजय चंद्राकर ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस को इस विषय पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कार्यकाल में कई तरह के भ्रष्टाचार हुए। वहीं इंडिया ब्लॉक को लेकर उन्होंने कहा कि गठबंधन में भगदड़ की स्थिति है और कांग्रेस को जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभानी चाहिए।
NEET मामले पर कांग्रेस को घेरा
NEET पेपर मामले में कांग्रेस के विरोध को लेकर अजय चंद्राकर ने कहा कि केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने नैतिक जिम्मेदारी ली है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में जब ऐसी परिस्थितियां बनी थीं, तब किसी मंत्री ने जिम्मेदारी स्वीकार नहीं की थी। उन्होंने कहा कि इस बार परीक्षा व्यवस्था को लेकर सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। कांग्रेस ऐसे मुद्दों को लेकर नैरेटिव बनाने की कोशिश करती है, जो जनता को समझ नहीं आता।

