कुलेश्वर कुशवाहा
बलरामपुर। जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक समाधान को सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी लगातार सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की समीक्षा कर रही हैं। जिला प्रशासन द्वारा शिकायतों के निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। कलेक्टर स्वयं विभिन्न मामलों की वस्तुस्थिति की जानकारी लेकर उनके प्रभावी और समयबद्ध निराकरण पर विशेष फोकस कर रही हैं।
खाद्यान्न वितरण संबंधी शिकायत पर कलेक्टर ने ली जानकारी …
इसी क्रम में कलेक्टर ने विकासखंड राजपुर के ग्राम पंचायत सेवारी से संबंधित एक सीएम हेल्पलाइन शिकायत का संज्ञान लिया। शिकायत में बताया गया था कि उचित मूल्य दुकान में खाद्यान्न का आवंटन और आपूर्ति समय पर नहीं पहुंच रही है, जिसके कारण राशन वितरण प्रभावित हो रहा है और पात्र हितग्राहियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।शिकायत की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने स्वयं मामले की जानकारी लेने का निर्णय लिया और दूरभाष के माध्यम से शिकायतकर्ता एवं उचित मूल्य दुकान संचालक से चर्चा कर वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
दूरभाष पर ली वस्तुस्थिति की जानकारी …
कलेक्टर ने शिकायतकर्ता से बातचीत कर यह जानने का प्रयास किया कि खाद्यान्न वितरण में किस प्रकार की समस्याएं सामने आ रही हैं। चर्चा के दौरान खाद्यान्न आपूर्ति में विलंब की स्थिति की पुष्टि होने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक निर्देश जारी किए। कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़ी समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि पात्र हितग्राहियों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध हो सके।
सार्वजनिक वितरण प्रणाली को बताया जनहित का महत्वपूर्ण विषय …
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली सरकार की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी व्यवस्था है, जिससे बड़ी संख्या में गरीब एवं जरूरतमंद परिवार जुड़े हुए हैं। खाद्यान्न वितरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही सीधे तौर पर आम लोगों को प्रभावित करती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राशन वितरण से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका शीघ्र और प्रभावी निराकरण किया जाए, ताकि हितग्राहियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
केवल औपचारिकता नहीं, स्थायी समाधान पर जोर …
कलेक्टर ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का निराकरण केवल रिकॉर्ड में बंद करने के उद्देश्य से न किया जाए। प्रत्येक शिकायत का वास्तविक, गुणवत्तापूर्ण और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए और हर विभाग यह सुनिश्चित करे कि शिकायत का निराकरण जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से हुआ है।
शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर रही प्रशासनिक टीम …..
जिला प्रशासन द्वारा शिकायतों के निराकरण की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए शिकायतकर्ताओं से सीधे संपर्क किया जा रहा है। अधिकारियों द्वारा फोन के माध्यम से फीडबैक लेकर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि शिकायत का समाधान वास्तव में हुआ है या नहीं।इस पहल से शिकायतों के निराकरण में पारदर्शिता बढ़ी है और नागरिकों का प्रशासन के प्रति विश्वास भी मजबूत हो रहा है।
लंबित मामलों पर विशेष नजर …
कलेक्टर द्वारा नियमित रूप से सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा बैठकें आयोजित की जा रही हैं। समीक्षा के दौरान लंबित प्रकरणों और असंतोषजनक निराकरण वाले मामलों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। संबंधित विभागों को ऐसे मामलों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि जिले के प्रत्येक नागरिक की समस्या का समयबद्ध, प्रभावी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित हो तथा शासन की जनहितकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक बिना किसी बाधा के पहुंच सके।

