यशवंत गंजीर, कुरुद। अधिकमास (पुरुषोत्तम मास) की शिवरात्रि के पावन अवसर पर कुरुद क्षेत्र सहित पूरा जिला शिवभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के ऑनलाइन मार्गदर्शन में हजारों श्रद्धालुओं ने अपने-अपने घरों में पार्थिव शिवलिंग बनाकर विधि-विधान से महापूजन और रुद्राभिषेक संपन्न किया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में “हर हर महादेव” और “श्री शिवाय नमस्तुभ्यम्” के जयघोष गूंजते रहे।
बदले दौर में आस्था और तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने टीवी और सोशल मीडिया के माध्यम से लाइव प्रसारण से जुड़कर प्रदोष काल में शाम 7 से 8 बजे तक सामूहिक अनुष्ठान किया। इसके लिए भक्तों ने घर पर ही शुद्ध मिट्टी से पार्थिव शिवलिंग का निर्माण किया। फिर बेलपत्र, शमी पत्र, कनेर पुष्प, 11 साबुत अक्षत और कच्चे दूध में गुड़-शक्कर मिलाकर भोलेनाथ का अभिषेक किया।
पूजा के समापन पर महाआरती कर भक्तों ने अपने घर-परिवार, समाज और गांव की सुख-समृद्धि, आरोग्यता तथा अटूट शांति की कामना करते हुए भगवान भोलेनाथ से आशीर्वाद मांगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, अधिकमास में पार्थिव शिवलिंग का पूजन विशेष फलदायी होता है, जिससे सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। कुरुद क्षेत्र के हजारों भक्तों ने घर बैठे इस बड़े धार्मिक आयोजन से जुड़कर अपनी अटूट आस्था का परिचय दिया।

