यशवंत गंजीर,धमतरी। एक साधारण श्रमिक परिवार की असाधारण प्रतिभा ने हाल ही में लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कुरुद क्षेत्र के नवागांव-कंडेल निवासी रविशंकर पटेल, जो दैनिक मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं, ने समाज में सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस के कार्यों से प्रेरित होकर गीतों की रचना की।
इन गीतों को उनकी पुत्री हर्षलता पटेल ने अपनी मधुर आवाज में प्रस्तुत किया। पिता की भावनाओं और बेटी की गायन प्रतिभा का यह अनूठा संगम उस समय देखने को मिला जब दोनों पुलिस अधिकारियों से मुलाकात करने पहुंचे। प्रस्तुति के दौरान हर्षलता ने अपने सुरों के माध्यम से जनसेवा, सुरक्षा और पुलिस कर्मियों के समर्पण को अभिव्यक्त किया।
हर्षलता के गायन और रविशंकर की रचनात्मक सोच की उपस्थित अधिकारियों ने सराहना की। कार्यक्रम के दौरान दोनों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने हर्षलता के आत्मविश्वास, संगीत के प्रति समर्पण और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि कला, साहित्य और संगीत समाज तथा पुलिस के बीच विश्वास और संवाद को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं को अपनी प्रतिभा के माध्यम से सकारात्मक संदेश देने के लिए प्रेरित किया।
ग्रामीण परिवेश से निकलकर अपनी कला के जरिए पहचान बनाने वाली हर्षलता की यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रही है।

