कटनी। जिला अस्पताल में बीती रात उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब शराब के नशे में चूर एक युवक ने जिला अस्पताल परिसर के अंदर जमकर हंगामा मचाना शुरू कर दिया। उपद्रव मचाते हुए नशेड़ी युवक ने नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (SNCU) के दरवाजे का कांच तोड़ दिया, जिससे अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि युवक विजयराघवगढ़ क्षेत्र के किसी गांव का निवासी है।
कांच तोड़ने के दौरान युवक स्वयं भी घायल हो गया, जिसके कारण अस्पताल परिसर में काफी मात्रा में खून फर्श पर फैल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने रास्ते में वाहन रोकने को लेकर कुछ लोगों के साथ मारपीट भी की थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली थाने ले गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
इस घटना ने जिला अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह लगा दिया है। शराब के नशे में एक युवक घंटों तक हंगामा मचाता रहा लेकिन इस दौरान अस्पताल प्रबंधन द्वारा न तो पुलिस को सूचना दी गई और न ही उसे यहां से हटाने के लिए कोई प्रयास किये गए। इस दौरान लोगों में काफी देर तक दहशत व्याप्त रही। इसी बीच वहां मौजूद कुछ लोगों ने इसकी सूचना पुलिस की दी, काफी मशक्कत के बाद पुलिस वहां पहुंची और अपने साथ युवक को ले गई।
मरीज रहे खौफ में
नशेड़ी युवक के द्वारा अस्पताल परिसर के अंदर उपद्रव मचाने के कारण वहां पर इलाज कराने आए पीड़ित मरीज दहशत में दिखे। इस घटनाक्रम ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और मरीजों के जान माल को लेकर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
कटनी जिला अस्पताल में नशेड़ी युवक ने जमकर काटा बवाल, नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई तोड़ा कांच, फर्स पर खून ही खून, मरीजों की सुरक्षा को लेकर खड़े हुए सवाल
