यशवंत गंजीर कुरूद। धमतरी जिले के नगर पालिका क्षेत्र कुरूद की तीन प्रतिभाशाली बेटियों टूलीसा साहू, पल्लवी सिन्हा और श्रेया श्रीवास ने अपनी अद्भुत कला प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इन होनहार बेटियों ने देश के विभिन्न राज्यों में आयोजित सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और छत्तीसगढ़ सहित धमतरी जिले को गौरवान्वित किया।
कत्थक नृत्य में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए इन बेटियों ने देश के प्रतिष्ठित धार्मिक एवं सांस्कृतिक केंद्रों में आयोजित प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने जगन्नाथ पुरी (ओडिशा), उज्जैन महाकालेश्वर (मध्य प्रदेश), काशी विश्वनाथ वाराणसी (उत्तर प्रदेश), विशाखापट्टनम (आंध्र प्रदेश), नागपुर (महाराष्ट्र) और देहरादून (उत्तराखंड) सहित विभिन्न शहरों में आयोजित आयोजनों में अपनी श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त कर सफलता का परचम लहराया।
इनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि ने न केवल कुरूद नगर बल्कि पूरे धमतरी जिले का गौरव बढ़ाया है। राष्ट्रीय स्तर पर लगातार मिली सफलताओं ने इन बेटियों को कला जगत में एक नई पहचान दिलाई है।
नगर में खुशी की लहर
बेटियों की इस ऐतिहासिक सफलता पर कुरूद नगर में हर्ष और उत्साह का माहौल बन गया। नगर के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों एवं आमजनों ने।सोशल मीडिया पर बधाइयां दी है।
नगरवासियों का कहना है कि इन बेटियों की मेहनत, लगन और समर्पण ने यह साबित कर दिया है कि छोटे शहरों की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय मंच पर अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।

