(मनमोहन चंदौली)
चंदौली। चकिया कोतवाली क्षेत्र के जोगिया कला गांव में हुई युवक की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने 36 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे अवैध संबंध सार्वजनिक बदनामी और आगामी प्रधानी चुनाव से जुड़ी सामाजिक प्रतिष्ठा का विवाद मुख्य वजह रहा।
पुलिस ने मामले में गांव निवासी सुनील यादव उर्फ कवि को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। मामले के सफल अनावरण पर पुलिस अधीक्षक ने टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
चारपाई पर सो रहे युवक की हुई थी निर्मम हत्या
पुलिस के अनुसार 5/6 जून की मध्यरात्रि जोगिया कला गांव निवासी बेचई उर्फ बृजेश यादव (34 वर्ष) अपने घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से उनकी गर्दन पर हमला कर हत्या कर दी थी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
मृतक के परिजनों की तहरीर पर थाना चकिया में हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
जांच में सामने आया प्रेम प्रसंग का एंगल
पुलिस की जांच में पता चला कि मृतक की पत्नी और आरोपी सुनील यादव उर्फ कवि के बीच पिछले कई वर्षों से प्रेम संबंध थे। इस संबंध को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना से कुछ दिन पहले हुए विवाद के बाद मृतक की पत्नी बच्चों के साथ मायके चली गई थी।
पुलिस के मुताबिक इसके बाद मृतक ने गांव में आरोपी और उसके कथित अवैध संबंधों की चर्चा शुरू कर दी थी। आरोपी आगामी प्रधानी चुनाव की तैयारी कर रहा था और उसे लगने लगा था कि इससे उसकी सामाजिक छवि और राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं को नुकसान पहुंच रहा है।
अपमान का बदला लेने के लिए रची हत्या की साजिश
जांच में सामने आया कि आरोपी ने बदनामी और सार्वजनिक अपमान का बदला लेने के लिए हत्या की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार 5 जून को आरोपी ने अहरौरा जाकर एक लोहार की दुकान से कुल्हाड़ी खरीदी और रात में मौका देखकर मृतक के घर पहुंच गया।
आरोप है कि चारपाई पर सो रहे बृजेश यादव की गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार कर उनकी हत्या कर दी गई। शोर न मचे, इसके लिए आरोपी ने मृतक के मुंह में गमछे का टुकड़ा भी ठूंस दिया। घटना को अंजाम देने के बाद उसने कुल्हाड़ी अपने खेत में छिपा दी और वापस जाकर सो गया।
पुलिस ने तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसी क्रम में 7 जून की शाम मुखबिर की सूचना पर मोकरम बंधी के पास घेराबंदी कर आरोपी सुनील यादव उर्फ कवि को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर खेत से हत्या में प्रयुक्त लोहे की धारदार कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई।

