कटनी जिले के उमरियापान थाना क्षेत्र में अवैध बोरवेल खनन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बोरिंग मशीन जब्त की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं एसडीओपी स्लिमनाबाद अकांक्षा चतुर्वेदी के निर्देशन में थाना प्रभारी महेंद्र कुमार जायसवाल के नेतृत्व में की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम टोला निवासी छोटू लोधी अपने घर की बाड़ी में बिना सक्षम अनुमति के बोरवेल खनन करा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी, जहां बोरिंग मशीन क्रमांक KA 01 MH 6166 से अवैध रूप से बोरवेल किया जा रहा था।
जांच के दौरान मशीन चालक रामभजन कोल, निवासी ग्राम मजौली, थाना सिहोरा, मौके पर मिला। पुलिस द्वारा अनुमति संबंधी दस्तावेज मांगे जाने पर वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने बताया कि वह मशीन एजेंट रामभूषण मिश्रा के निर्देश पर मजदूरी के आधार पर यह कार्य कर रहा था।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रात 9 बजकर 30 मिनट पर बोरिंग मशीन को गवाहों की मौजूदगी में विधिवत जब्त कर लिया। जांच में कलेक्टर के आदेश का उल्लंघन पाए जाने पर थाना उमरियापान में अपराध क्रमांक 179/2026 दर्ज कर मामला विवेचना में लिया गया है।
इस मामले में रामभजन कोल, छोटू लोधी एवं रामभूषण मिश्रा के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 तथा मध्यप्रदेश पेयजल परिरक्षण अधिनियम 1986 की धारा 9 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी महेंद्र कुमार जायसवाल के निर्देशन में सहायक उपनिरीक्षक कोदूलाल दाहिया एवं सहायक उपनिरीक्षक गया प्रसाद मंगोरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अवैध गतिविधियों के खिलाफ उमरियापान पुलिस की यह कार्रवाई साफ संदेश देती है कि कानून का उल्लंघन करने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”

