यशवंत गंजीर, कुरुद | गुरुवार को नगर पालिका कुरुद के पुराना बाजार पारा स्थित बालक एवं कन्या प्राथमिक शाला के नवीन भवन और अतिरिक्त कक्षों के भूमिपूजन कार्यक्रम में कुरुद की राजनीति में उस वक्त उबाल आ गया, जब क्षेत्र के विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने मंच से विपक्ष पर सीधा और तीखा हमला बोला। उन्होंने विरोधियों को ललकारते हुए कहा, “लोकतंत्र में सिर्फ अंध-विरोध करना आसान है, लेकिन धरातल पर समाधान देना मुश्किल। अगर विपक्ष में दम है, तो हवा में चिल्लाने के बजाय विकास का लिखित विकल्प शासन-प्रशासन के सामने रखे।”
क्यों फूटा चंद्राकर का गुस्सा?
दरअसल, दशकों से यह स्कूल महज 7 हजार वर्गफीट के संकुचित परिसर में चल रहा था। पास में सब्जी मंडी होने के कारण बच्चों को भारी शोरगुल के बीच पढ़ना पड़ता था। इस अव्यवस्था को दूर करने के लिए चंद्राकर ने पुरानी आईटीआई और अस्थायी पशु चिकित्सालय की जमीनों का पुनर्गठन कराकर स्कूल परिसर का दायरा सीधे 25,000 वर्गफीट करवा दिया। इसी बड़े बदलाव के राजनीतिक विरोध पर चंद्राकर का गुस्सा फूटा। उन्होंने कहा कि बड़े निर्माण में तात्कालिक असुविधा अनिवार्य है, जैसे नया मकान बनाते समय तकलीफ होती है, लेकिन उसका सुखद लाभ आने वाली पीढ़ियों को मिलता है।
कुरुद बनेगा कौशल और रोजगार का महाकेंद्र
शिक्षा और नगर विन्यास पर अपना विजन रखते हुए विधायक चंद्राकर ने कहा कि आज का दौर केवल कागजी डिग्रियों का नहीं, बल्कि प्रतिभा, नवाचार और सोचने की क्षमता का है। बच्चों को संकुचित परिसरों में बांधकर नहीं रखा जा सकता, उन्हें खेल मैदान और सांस्कृतिक मंच मिलना चाहिए। उन्होंने बताया कि नर्सिंग, बीएड, ऑडिटोरियम और बीए-एलएलबी जैसे कोर्सेज लाना कुरुद को स्किल हब बनाने की दिशा में एक निवेश है। उन्होंने नगर नियोजन, यातायात, पार्किंग और औद्योगिक विकास पर भी दूरगामी दृष्टिकोण साझा किया।
मंच पर जुटे दिग्गज, प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
इस ऐतिहासिक और राजनीतिक सरगर्मी से भरे समारोह में दिग्गजों का बड़ा जमावड़ा रहा। मंच पर नगर पालिका अध्यक्ष ज्योति चंद्राकर, जनपद अध्यक्ष गितेश्वरी साहू, पूर्व पालिका अध्यक्ष रविकांत चंद्राकर, विधायक प्रतिनिधि भानु चंद्राकर, भाजपा मंडल अध्यक्ष कृष्णकांत साहू, सुरेश अग्रवाल, पार्षद कविता चंद्राकर, मिथलेश बैंस, महेंद्र गायकवाड़, राजकुमारी ध्रुव और अभय जायसवाल के अलावा बीईओ राजेश बैस, सहायक संचालक यदुनंदन वर्मा, तहसीलदार सूरज बंछोर और सीएमओ महेंद्र राज गुप्ता सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक व नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का भव्य सम्मान भी किया गया।

