By यशवंत गंजीर, रायपुर। नगर पंचायत दाढ़ी के प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) रमेश कुमार ध्रुव को गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता के आरोपों में छत्तीसगढ़ सरकार ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा की गई विभागीय जांच में उनके खिलाफ कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।
सड़क निर्माण में मिली खामियां
जांच के दौरान वार्ड क्रमांक 11 में निर्मित सीसी रोड की गुणवत्ता की जांच कराई गई। परीक्षण रिपोर्ट में सड़क का स्ट्रेंथ स्तर निर्धारित मानक एम-30 से काफी कम पाया गया। विभाग ने इसे निर्माण कार्य में गंभीर लापरवाही मानते हुए जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया शुरू की है।
कार्यालय में शराब के साथ मिले
विभागीय जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि रमेश कुमार ध्रुव अपने कार्यालय कक्ष में शराब की बोतल के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए थे। इस मामले में उन्हें पहले भी चेतावनी दी गई थी, लेकिन शिकायतों के अनुसार उनके व्यवहार में सुधार नहीं आया।
बैठकों से रहते थे अनुपस्थित
विभागीय अभिलेखों के अनुसार प्रभारी सीएमओ कई महत्वपूर्ण समय-सीमा (टीएल) बैठकों में बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहे। अधिकारियों ने इसे प्रशासनिक जिम्मेदारियों की अनदेखी और सेवा आचरण नियमों के उल्लंघन के रूप में माना है।
शासन ने जारी किया निलंबन आदेश
लगातार मिल रही शिकायतों और जांच रिपोर्ट के आधार पर राज्य सरकार ने उनके कृत्यों को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 का उल्लंघन मानते हुए निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय संयुक्त संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास, क्षेत्रीय कार्यालय दुर्ग निर्धारित किया गया है तथा नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

