यशवंत गंजीर, धमतरी। सुशासन तिहार 2026 के तहत कुरूद विकासखंड के ग्राम तर्रागोंदी में आयोजित क्लस्टर स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं और जरूरतें बड़ी संख्या में सामने आईं। 18 ग्राम पंचायतों को शामिल कर आयोजित इस शिविर में कुल 642 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें अधिकांश आवेदन विभिन्न शासकीय सुविधाओं और विकास कार्यों से जुड़ी मांगों के थे।
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार प्राप्त 642 आवेदनों में 624 मांग संबंधी और 18 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल रहे। इनमें से 170 मांग और 2 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के लिए भेजा गया। बड़ी संख्या में प्राप्त आवेदन ग्रामीण क्षेत्रों में मौजूद समस्याओं और अपेक्षाओं की ओर भी संकेत करते हैं।
शिविर में तर्रागोंदी, जोरातराई, सेमरा, सिलौटी, जुगदेही, कोर्रा, ईर्रा, गातापार, चरोटा, भेण्डरा, सुपेला, पचपेड़ी, रामपुर, हंचलपुर, बोरझरा, गाड़ाडीह, सिलघट और सेमरा (बी) सहित 18 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल हुए। विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों में लोगों को शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सभापति पूजा राजू सिन्हा, जनपद पंचायत कुरूद की अध्यक्ष गीतेश्वरी हेमंत साहू, उपाध्यक्ष सतीश जैन तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। डिप्टी कलेक्टर एवं नोडल अधिकारी वेरनादत्त एक्का और जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमित कुमार सेन ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शिविर के दौरान हितग्राहियों को प्रमाण पत्र, चेक, किट, उपकरण और विभिन्न योजनाओं से संबंधित कार्ड वितरित किए गए। प्रशासन का कहना है कि ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के साथ शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

