यशवंत गंजीर, न्यूज़ डेस्क। छत्तीसगढ़ में 1 जून को संपन्न हुए त्रिस्तरीय पंचायत एवं नगरीय निकायों के आम और उपचुनावों की मतगणना गुरुवार को जारी है। राज्यभर में 1310 रिक्त पदों के लिए हुए चुनाव के परिणाम सामने आने लगे हैं, जिनमें कई स्थानों पर भाजपा को बढ़त और जीत मिली है, जबकि कुछ क्षेत्रों में कांग्रेस ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है।
अब तक घोषित परिणामों में सबसे बड़ी जीत कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा नगर पंचायत अध्यक्ष उपचुनाव में देखने को मिली, जहां भाजपा प्रत्याशी सरिता संतोष मिश्रा ने 1949 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी रोशन वैष्णव (1187 मत) को 754 वोटों से हराया। निर्दलीय प्रत्याशी अजय यादव को 1018 मत मिले। परिणाम के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
वहीं जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह नगर पंचायत में भाजपा प्रत्याशी रमेश डरसेना 1972 मतों के साथ पहले अध्यक्ष निर्वाचित हुए। कांग्रेस प्रत्याशी रामलाल सहारे को 1183 मत मिले। पार्षद चुनाव में भी भाजपा ने 15 में से 11 वार्डों में जीत दर्ज कर दबदबा कायम रखा।
सूरजपुर जिले के नवगठित शिवनंदनपुर नगर पंचायत में भाजपा के रितेश जायसवाल ने 2001 मत हासिल कर अध्यक्ष पद जीता। कांग्रेस प्रत्याशी संजय सोनी को 1734 मत मिले। हालांकि पार्षद चुनाव में कांग्रेस ने 8 और भाजपा ने 7 वार्डों में जीत दर्ज की।
जगदलपुर नगर निगम के इंदिरा वार्ड उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी विजयी रहे। वहीं बालोद जिले की पलारी नगर पंचायत में शुरुआती रुझानों में कांग्रेस प्रत्याशी यानेश साहू 291 मतों की बढ़त बनाए हुए हैं।
उल्लेखनीय है कि 1 जून को हुए मतदान में नगरीय निकायों में 84.58 प्रतिशत तथा त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 78.61 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। राज्यभर में एक लाख से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतगणना जारी है और कई अन्य परिणाम आने बाकी हैं।

