यशवंत गंजीर धमतरी।
धमतरी जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थों और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का कड़ा अभियान जारी है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी कड़ी में पुलिस ने पिछले तीन दिनों के भीतर कुल 16 आबकारी प्रकरण दर्ज कर 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिससे अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है।
भखारा पुलिस की कार्रवाई: मोटरसाइकिल और शराब जप्त
अभियान के तहत दो दिन पूर्व ही अलग-अलग थानों में आबकारी एक्ट के 14 मामलों में 15 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। इसके बाद कार्रवाई को और तेज करते हुए भखारा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर अवैध रूप से शराब परिवहन करते दो लोगों को पकड़ा। पुलिस ने सेमरा-बी निवासी नीलमणी साहू और सुपेला निवासी सोमनाथ गाड़ा को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 35 पौवा देशी शराब (कीमत 2,800 रुपये) और परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल (कीमत 10,000 रुपये) जप्त की गई। दोनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
Khan Sir की कोचिंग पर हमले से हड़कंप, छात्रों ने किया प्रदर्शन
कुरुद में रंगे हाथों पकड़ाया आरोपी
इसी तरह एक अन्य मामले में कुरुद पुलिस ने रामसागर तालाब के पास अवैध रूप से शराब बिक्री करते हुए चंडीपारा निवासी शुभम उर्फ पार्षद बंजारे को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 14 पौवा देशी शराब (कीमत 1,120 रुपये) और बिक्री की रकम 250 रुपये जप्त की गई है। इस मामले में पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख) के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। जिला पुलिस प्रशासन का साफ कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

