चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र के कटसिला गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) पर मंगलवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। सड़क किनारे खड़ी एक ट्रक में तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर पीछे से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी और राहत कार्य में जुट गए। सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से चालक को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने तत्काल उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेलर की रफ्तार काफी तेज थी जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
इस हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े वाहनों और तेज रफ्तार के कारण बढ़ रहे सड़क हादसों को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर सुरक्षा उपायों को और प्रभावी बनाने की मांग की है।

